सिधौली,साहित्यकार देवेन्द्र कश्यप निडर के नागरिक अभिनन्दन में बोले वक्ता

लोक हित का साहित्य दिलाता सम्मान : नायब तहसीलदार

सिधौली ( सीतापुर )। जो लोक हित का साहित्य सृजित करता है। वह साहित्यकार कालजयी और सम्माननीय होता है।


यह बात नायब तहसीलदार विनोद कुमार ने साहित्यकार देवेंद्र कश्यप निडर के नागरिक अभिनन्दन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए कैटालिस्ट क्लासेस प्रांगण सिधौली में कही। उन्होंने कहा कि कुशल कलमकार देवेन्द्र कश्यप निडर ने जिस तरीके से माउण्टेन मैन आफ इण्डिया दशरथ माॅंझी के जीवन संघर्ष की गौरव गाथा का लोम हर्षक वर्णन श्रमवीर प्रबंध काव्य में किया है वह काबिले गौर ही नहीं अपितु काबिले कद्र भी हैं। ऐसे अप्रतिम साहित्य सृजन के लिए मैं इन्हें ढ़ेरों बधाईयाॅं व शुभकामनाएं देता हूॅं। शिया पी जी कॉलेज लखनऊ के प्रोफेसर सुधाकर वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर कहा कि देश के छ: युवा साहित्यकारों के संग देवेन्द्र कश्यप ‘निडर’ का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कर कमलों से पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा अवार्ड – 2022 दिया गया इसके लिए श्री निडर बधाई के पात्र हैं। श्रमवीर एक अकादमिक ग्रन्थ है इसकी सराहना के लिए हमारे पास शब्द कम पड़ जायेंगे। चर्चित समीक्षक डॉ. विनय दास ने कहा कि निडर की लेखनी जन चेतना व राष्ट्रीय स्वर की मुखर अभिव्यक्ति करती है। विश्व विख्यात दशरथ माॅंझी के 22 वर्षों की अद्भुत श्रम लीला का श्रमवीर में मनहर चित्रण प्रस्तुत किया है। इसका कथ्य, शिल्प, संवाद, शैली, छंद सब कुछ सराहनीय हैं। श्रमवीर साहित्य जगत का अनूठा प्रबंध काव्य है। अदबी दुनिया के वरिष्ठ साहित्यकार व अधिवक्ता इकबाल राही ने कहा दशरथ माॅंझी ने शीरी फरहाद से बड़ी और सच्ची प्रेम कहानी लिखी है। जिसे देवेन्द्र कश्यप ‘निडर’ ने लाजवाब अंदाज में लिखा है जिसके लिए मैं इन्हें दिल से मुबारकबाद देता हूॅं। गाॅंधी विद्यालय इण्टर कॉलेज सिधौली के प्रधानाचार्य डॉ. के. के. शुक्ल ने कहा कि प्रतिभाएं देश का मान बढ़ाती हैं इसलिए उनका अभिनन्दन होना ही चाहिए। कवि देवेंद्र कश्यप निडर के नागरिक अभिनन्दन की पहल के लिए चन्द्रशेखर प्रजापति को बधाई देता हूॅं। अनुराग आग्नेय ने कहा कि दशरथ माॅंझी जैसे विरले व्यक्तित्व पर लेखनी चलाने के लिए साहित्य जगत के स्टार देवेन्द्र कश्यप ‘निडर’ का हृदय से अभिनन्दन है। अधिवक्ता अनूप कुमार ने कहा कि श्रमवीर में प्रेम, प्रेरणा और श्रम दर्शन का उद्घोष किया गया है। फिर उपस्थिति जन समूह ने देवेन्द्र कश्यप ‘निडर’ का अविस्मरणीय नागरिक अभिनन्दन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन आराध्य शुक्ल व अध्यक्षता केदार नाथ शुक्ल ने की। आभार व्यक्त करते हुए प्रधान संयोजक चन्द्रशेखर प्रजापति ने कहा कि प्रतिभा का अभिनन्दन करने से देश का गौरव बढ़ता है इसलिए हम सब देवेन्द्र कश्यप ‘निडर’ जैसी प्रतिभा का नागरिक अभिनन्दन कर रहे हैं।
इस मौके पर कैटालिस्ट क्लासेस के मुखिया विमल राजपूत, आर डी वर्मा, राजेश कश्यप, अनूप कुमार, सर्वेश राजपूत, विनोद रावत, पिंकी अरविन्द प्रजापति, नवनीत मिश्र नवल, राजकुमार पाल, बैजनाथ गौड़, रोहित विश्वकर्मा, विनोद शर्मा सागर, सुरेन्द्र मौर्य, गायत्री देवी, अनुप्रिया कश्यप, पूजा सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *